
हाथरस 08 मई । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए गए, फिर 29 दिसंबर 2023 को शादी कर ली। शादी के बाद पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर मारपीट और प्रताड़ना की गई। देवर पर छेड़खानी और संबंध बनाने का दबाव डालने का भी आरोप है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
पीड़िता का कहना है कि वह थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह तलाकशुदा है और उसकी सात साल की बेटी यांशी है। आरोप है कि करीब चार साल पहले उसी गांव के कृष्ण गोपाल ने प्रेम का इजहार कर नजदीकियां बढ़ाईं। शादी और बेटी का ख्याल रखने का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली, लेकिन पति उसे अपने घर न ले जाकर अलीगढ़ स्थित नगला मसानी में किराए के कमरे में रखने लगा। शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ दिन बाद पति कृष्ण गोपाल, ससुर, सास, देवर, और बुआ ने दहेज में कुछ न मिलने का ताना देकर पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता का आरोप है कि देवर उस पर गलत नजर रखता था, हाथ पकड़कर व गुप्तांगों पर हाथ मारकर छेड़खानी करता और संबंध बनाने का दबाव बनाता था। सभी आरोपित धमकी देते थे कि रुपये न दिलवाए तो गलत काम करवाकर पैसे कमवाएंगे। पीड़िता के मुताबिक पांच मार्च 2026 की शाम छह बजे वह सब्जी लेने गई थी। आधे घंटे बाद लौटी तो कमरे पर ताला लगा था। पड़ोसियों की मदद से ताला तोड़ा तो सोने-चांदी के जेवर, 20 हजार नकद, कपड़े-बर्तन गायब थे। आरोप है कि पति सामान लेकर हाथरस भाग गया और दूसरी शादी की तैयारी में है। मानसिक तनाव से जूझ रही पीड़िता ने 14 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर पति कृष्ण गोपाल और ससुराली जनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत जांच शुरू कर दी है।























