Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 08 मई । पिछले कुछ दिनों से बारिश और आंधी के चलते प्रदेश में बने सुहावने मौसम का दौर अब समाप्त होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी और अगले एक सप्ताह में तापमान 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी का असर महसूस किया जाएगा। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार से ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है और आगामी दिनों में इसके लगातार बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच सकता है। गौरतलब है कि ज्येष्ठ माह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी थी, लेकिन अब गर्म हवाओं की वापसी के साथ तपिश बढ़ने लगेगी। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान वाराणसी में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 38.2 डिग्री, झांसी में 38.1 डिग्री और उरई में 37.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page