
हाथरस 08 मई । परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और शासन की योजनाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने कड़े तेवर दिखाते हुए स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा मुहैया कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान निपुण परीक्षा में जनपद की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के निरीक्षण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने की हिदायत दी। निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के कार्यों को तत्काल और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां फलदार और छायादार पौधे लगाने को कहा। स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइनों को नियमानुसार तत्काल हटवाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम श्री विद्यालयों में प्राथमिकता पर खेल मैदान बनाने और अवशेष स्कूलों में जिला पंचायत राज अधिकारी को बाउंड्रीवाल बनवाने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित 19 बिंदुओं (जैसे स्वच्छ शौचालय, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर और रसोईघर) के अनुरूप सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच करने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण सुनिश्चित करने को कहा। ‘स्कूल चलो अभियान’ को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों को प्रेरित करने और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा स्कूलों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट क्लास और डिजिटल बोर्ड के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO), जिला विकास अधिकारी (DDO), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO), जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO), समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


























