
हाथरस 07 मई । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहपऊ के एक डॉक्टर की संवेदनहीनता और अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। आज दोपहर करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें डॉक्टर अस्पताल परिसर के अंदर केवल नेकर और बनियान पहने नजर आ रहे हैं। वीडियो में डॉक्टर की वेशभूषा ने न केवल सरकारी सेवा की गरिमा को तार-तार किया है, बल्कि उनकी कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में डॉक्टर और एक युवक के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। विवाद के दौरान डॉक्टर की दबंगई इस कदर हावी दिखी कि उन्होंने किसी भी अधिकारी का खौफ होने से साफ इनकार कर दिया। वीडियो में डॉक्टर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि चाहे डीएम (DM) को बुला लो या पीएम (PM) को, पर मैं काम नहीं करूँगा। ड्यूटी के समय अस्पताल जैसी सार्वजनिक और संवेदनशील जगह पर डॉक्टर का यह रवैया क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह घटना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है कि कैसे एक जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति मर्यादाओं को ताक पर रखकर मरीजों और तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार कर सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों का कहना है कि मामले का संज्ञान लिया गया है और जांच के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।


























