
सादाबाद 07 मई । क्षेत्र के गांव सहजादपुर में घायल मोर का रेस्क्यू किया गया। गांव निवासी ठाकुर प्रवीण प्रताप सिंह की सूचना पर गौ सेवक, वन विभाग की टीम और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। राष्ट्रीय पक्षी को उपचार दिए जाने की पहल की गई। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय पक्षी मोर गंभीर रूप से घायल अवस्था में एक पेड़ पर बैठा हुआ था। मोर पर गांव के आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया था। हमले के बाद मोर इधर-उधर भागता रहा। काफी मशक्कत के बाद गौ सेवकों ने मोर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन विभाग की टीम और डायल 112 पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे समय रहते उसकी जान बचाई जा सकी। इस बचाव कार्य में ठाकुर प्रवीण प्रताप सिंह, गौ रक्षक जतिन सारस्वत, ठाकुर सुमित, राकेश कुमार, आकाश कुमार सहित गांव के कई लोग उपस्थित रहे। गौ रक्षक जतिन सारस्वत ने बताया कि मूक पशु-पक्षियों की सेवा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पक्षी मोर हमारी संस्कृति और प्रकृति की पहचान है, और उसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।


























