
सादाबाद 07 मई । आज दोपहर हाथरस मार्ग पर रोडवेज बस और कार के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की और बस का शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद कार को बस के आगे खड़ा कर सड़क पर जाम लगा दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोडवेज बस हाथरस की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने बस को ओवरटेक किया और उसके आगे आकर रुक गई। बस चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद कार का पिछला बंपर टूट गया। टक्कर मामूली होने के बावजूद कार सवार युवक आक्रोशित हो गए। उन्होंने बस रुकवाकर चालक के साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने बस पर पथराव कर उसका शीशा तोड़ दिया। घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे। अचानक हुए इस हंगामे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे काफी देर तक भयभीत रहे। रोडवेज बस चालक ने पुलिस को बताया कि वह हाथरस का निवासी है। उसने आरोप लगाया कि कार सवार युवक शराब के नशे में लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। मामूली टक्कर के बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की और बस पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार सहित युवकों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की। इसके बाद सड़क पर लगे जाम को हटवाकर यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस ने रोडवेज चालक से लिखित शिकायत देने को कहा, लेकिन चालक ने इनकार कर दिया। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी ने बताया कि बस चालक द्वारा शिकायत न दिए जाने के बावजूद युवकों को हिरासत में ले लिया गया है।


























