
हाथरस 07 मई । प्रदेश के विभिन्न स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कालेजेज सोसाइटी, लखनऊ के अधीन संचालित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज (लखनऊ), गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में विभिन्न खेलों की कुल 518 संभावित सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट sportscollegeup.in या khelsathi.in पर जाकर 14 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी।
प्रवेश के लिए प्रारंभिक चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अलीगढ़, आगरा और झांसी मंडल के अभ्यर्थियों के लिए चयन ट्रायल 21 और 22 मई 2026 को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में आयोजित होगा। इसमें एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, तैराकी, हॉकी, जिम्नास्टिक्स, कुश्ती, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, जूडो, बॉक्सिंग, हैंडबॉल और भारोत्तोलन जैसे खेलों के लिए बालक व बालिका वर्ग (खेलानुसार) के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए मुख्य चयन परीक्षा जून माह में आयोजित होगी। इसके तहत 3 व 4 जून को एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और कबड्डी आदि के ट्रायल लखनऊ, गोरखपुर और सैफई में होंगे। वहीं 5 व 6 जून को क्रिकेट, जिम्नास्टिक्स, कुश्ती और जूडो के ट्रायल निर्धारित स्थलों पर किए जाएंगे। मुख्य परीक्षा के समय अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन फॉर्म में अपलोड किए गए मूल प्रपत्र और विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित यू-डाइस (U-DISE) प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रपत्रों की जांच के बाद ही मुख्य चयन परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।


























