
हाथरस 04 मई । युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने और समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से सोमवार को ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली और शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ उप जिलाधिकारी (SDM) सदर, क्षेत्राधिकारी (CO) सदर और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) द्वारा श्री अक्रूर इंटर कॉलेज से हरी झंडी दिखाकर किया गया। जागरूकता रैली श्री अक्रूर इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज पर जाकर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्र हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहे थे। रैली के समापन पर पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सभा में मौजूद अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जीवन भर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करने की सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम में श्री अक्रूर इंटर कॉलेज, पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज और श्री रामबाग इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों सहित शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अभियान में तीनों कॉलेजों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं के सहयोग से ही समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है।
























