सिकंदराराऊ (हसायन) 02 मई । कस्बा के मोहल्ला किला खेड़ा स्थित प्राचीन नरसिंह देव भगवान की बड़ी बगीची परिसर में शनिवार को भगवान नरसिंह देव का प्राकट्योत्सव वार्षिकोत्सव समारोह बड़ी ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों और बिजली की झालरों से भव्य रूप से सजाया गया, जहाँ सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में भक्त श्रद्धालुओं द्वारा प्राचीन श्री नरसिंह देव भगवान की प्रतिमा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। शाम के समय मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें दर्जनों श्रद्धालुओं ने एक साथ 101 दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान नरसिंह देव की भव्य महाआरती उतारी। शंख और घंटों की ध्वनि के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
रात में ‘भवेश एंड पार्टी’ के कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत और भजनों का शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज में भगवान के भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। धार्मिक भजनों के माध्यम से भगवान नरसिंह के प्राकट्य की महिमा का बखान किया गया, जिसका भक्तों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में भगवान को छप्पन भोग लगाकर प्रसादी वितरण किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में भवेश कुमार सैंगर, किशोर गोयल, विष्णु दत्त वार्ष्णेय, संदीप कुमार गुप्ता, रवेन्द्र कुमार अग्रवाल, पप्पू अग्रवाल और बबलू यादव सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।


























