Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 02 मई । डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में ग्राम नगला खन्ना (नारई) में भव्य शोभायात्रा और समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश गौतम (एडवोकेट) ने फीता काटकर किया। इस दौरान पूरे गाँव में बाबा साहब के जयकारों की गूंज रही और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमप्रकाश गौतम ने बाबा साहब के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हमें बाबा साहब के बताए संवैधानिक और नैतिक रास्ते पर चलना चाहिए। हमारे आचरण में शालीनता होनी चाहिए और किसी के भी प्रति अपशब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए।” उन्होंने विशेष रूप से नगला खन्ना के ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ के लोगों ने शिक्षा के महत्व को समझा है और शैक्षिक क्षेत्र में जो तरक्की की है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। मेला कमेटी और ग्रामीणों द्वारा मुख्य अतिथि का जोरदार स्वागत किया गया। अशोक कुमार प्रधान, मान सिंह, कमलेश, जगदीश और हरवीर सहित कमेटी के सदस्यों ने ओमप्रकाश गौतम को चांदी का मुकुट पहनाकर और फूलों की मालाओं से लादकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान गौतम जी के साथ मटरूमल (पूर्व सभासद), सुरेंद्र कुमार नोटियाल, राकेश सोनी, अशोक कुमार, जनप्रिय गौतम (एडवोकेट) और यश सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान बाबा साहब के जीवन दर्शन से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page