Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 मई । जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जनपद में जनसेवा, विकास और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तहसील सिकंदराराऊ, कैलोरा गौशाला और कृषि विज्ञान केंद्र का सघन निरीक्षण किया। तहसील सिकंदराराऊ में आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ के अवसर पर जिलाधिकारी ने 73 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या बार-बार एक ही शिकायत आने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। भीषण गर्मी के दृष्टिगत उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में फरियादियों के लिए मटके और छाया की व्यवस्था करने के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए पानी के सकोरे/टंकियां रखने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कैलोरा स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने 280 संरक्षित गोवंशों के लिए चारे, भूसे और ताजे पेयजल की उपलब्धता जांची और लू से बचाव हेतु पशु चिकित्सकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए।

प्रशासनिक टीम ने कृषि विकास की संभावनाओं को परखने हेतु कृषि विज्ञान केंद्र का भी दौरा किया, जहाँ जिलाधिकारी ने ऑटोमेटिक सीड प्लांटिंग मशीन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार की जा रही पौधशाला का अवलोकन किया। उन्होंने वैज्ञानिकों को निर्देशित किया कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ कड़कनाथ पालन, कुक्कुट और बकरा पालन जैसे स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षित किया जाए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। इससे पूर्व, तालाब चौराहा पर विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने 101 पानी की टंकियों का लोकार्पण करते हुए इसे मानवीय मूल्यों और जीव-सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इन सभी कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page