
हाथरस 01 मई । ‘इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति’ द्वारा आज अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। क्लब की सदस्याओं ने समाज और राष्ट्र के निर्माण में श्रमिकों के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें उपहार वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष मंजू लता वार्ष्णेय ने मजदूरों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक विशाल भवन को खड़ा करने और उसे सहारा देने में नींव की सबसे अहम भूमिका होती है, ठीक उसी तरह देश, समाज और किसी भी छोटे-बड़े व्यवसाय को मजबूती प्रदान करने में मजदूर की भूमिका प्राथमिक होती है। उनके कठिन परिश्रम के बिना विकास की कल्पना करना असंभव है। समारोह के दौरान क्लब की ओर से श्रमिक भाइयों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं और उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्हें उनके अधिकारों और समाज में उनके सम्मानजनक स्थान के बारे में भी जानकारी दी गई। इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय, सचिव मधुराज शर्मा, सीजीआर गुंजन दीक्षित, मीनू अग्रवाल और साधना अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं मुख्य रूप से मौजूद रहीं।





















