Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 मई । नगर पंचायत द्वारा राज्य वित्त आयोग की धनराशि से सादाबाद-जैतई मार्ग पर निर्मित खड़ंजा महज दो महीने में ही क्षतिग्रस्त हो गया। बीती देर रात हुई बारिश के कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए। पानी के बहाव से खड़ंजे के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे कई स्थानों पर सड़क धंस गई और मार्ग जोखिम भरा हो गया।

शुक्रवार सुबह इस घटना का असर तब दिखा जब एक टेंपो सामान लेकर इसी मार्ग से गुजर रहा था। धंसे हुए हिस्से पर पहुंचते ही खड़ंजा और नीचे बैठ गया, जिससे टेंपो का एक पहिया गहरे गड्ढे में धंस गया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराया। इस हादसे में टेंपो को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उनका आरोप है कि निर्माण के समय न तो उचित आधार तैयार किया गया और न ही गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग किया गया। लोगों का कहना है कि जल्दबाजी और लापरवाही से काम निपटाया गया, जिसके परिणामस्वरूप पहली ही बरसात में खड़ंजा धंस गया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क धंसने से दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता अब खतरनाक बन गया है। इस मामले पर नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थान पर पहले कुछ अन्य कार्य कराया गया था, जिसके बाद खड़ंजे का निर्माण हुआ।
लगातार बारिश के कारण नीचे की मिट्टी बह जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त हिस्से का जल्द सर्वेक्षण कराकर पुनर्निर्माण कराया जाएगा और मार्ग को सुरक्षित बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page