Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 मई । क्षेत्र के गांव जारऊ में तेज आंधी-तूफान के कारण श्रीमद्भागवत कथा का पंडाल ध्वस्त हो गया। तेज हवाओं के चलते पंडाल अचानक गिर गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय कथा के चौथे दिन का समापन हो चुका था, जिससे अधिकांश श्रद्धालु और आयोजक पंडाल से बाहर निकल चुके थे। इसी दौरान गांव निवासी प्रमोद कुमार पंडाल के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और प्रमोद कुमार को सकुशल बाहर निकाल लिया। उन्हें हल्की चोटें आईं, हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि पंडाल में लगे लोहे के पाइप मुड़ गए और कपड़ा फट गया। पूरा ढांचा जमीन पर बिखर गया, जिससे आयोजन स्थल को भारी नुकसान हुआ। खराब मौसम के कारण पंडाल को अभी तक पूरी तरह से खड़ा नहीं किया जा सका है। इसके बावजूद, आयोजकों ने श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए आंशिक रूप से पंडाल को खड़ा कर शुक्रवार को पांचवें दिन की कथा का शुभारंभकिया। हालांकि, लगातार खराब मौसम और आंधी की चेतावनी के कारण ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। गांव के पूर्व प्रधान अनु चौहान ने बताया कि पंडाल की मरम्मत का कार्य शुक्रवार सुबह से शुरू हो गया था, लेकिन अभी आधा ही पूरा हो पाया है। शेष कार्य शनिवार तक पूरा करने की योजना है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि दोबारा आंधी-तूफान आता है, तो लोगों को तुरंत पंडाल से बाहर निकलने के लिए सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए ऐसे आयोजनों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page