Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 मई । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सादाबाद पुलिस ने एक शातिर चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ईदगाह रोड से घेराबंदी कर गैंग के 5 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से पुलिस ने अवैध असलहे, चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण और चोरी की गई नकदी बरामद की है। जानकारी के अनुसार, बीती 25 अप्रैल को ऊँचागाँव रसमई निवासी सलीम ने तहरीर दी थी कि 17 अप्रैल को जलेसर रोड पर दुकान से सामान लेते समय अज्ञात चोरों ने उनके थैले से 2 लाख रुपये पार कर दिए थे। इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ईदगाह रोड से पाँचों अभियुक्तों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश (निवासी आगरा), हेमंत, अशोक, सुरेश और विनोद (सभी निवासी फिरोजाबाद) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक तमंचा (315 बोर), जिंदा कारतूस, धारदार छुरा, एक सब्बल, लोहे की रॉड, शिकंजा, छैनी, पेचकश और प्लास बरामद हुआ है। चोरी किए गए रुपयों में से शेष बचे 23,500/- रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दिन में विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर रेकी करते थे और रात के समय घरों व दुकानों को निशाना बनाते थे। उन्होंने 17 अप्रैल को हुई 2 लाख की चोरी की बात भी स्वीकार की और बताया कि शेष राशि उन्होंने आपस में बांट ली थी। फिलहाल, पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page