सिकंदराराऊ (हसायन) 29 अप्रैल । हसायन ब्लॉक क्षेत्र के गांव नगला ब्राह्मण (मजरा नगला मिया पट्टी देवरी) में संचालित ‘ओम स्वयं सहायता समूह’ के खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर 1.35 लाख रुपये निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समूह की सचिव हीरेश कुमारी ने बैंक अधिकारियों और ब्लॉक कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि 26 मई 2025 को 50 हजार और 6 अगस्त 2025 को 85 हजार रुपये, कुल 1.35 लाख रुपये कूटरचित हस्ताक्षर बनाकर खाते से पार कर दिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि इस साजिश में शाखा प्रबंधक संजीव भगत, फील्ड मैनेजर गुलाब सिंह, हसायन एडीओ (ISB) भूपेंद्र सिंह, ब्लॉक मिशन मैनेजर जय सिंह, समूह की अध्यक्ष बबली और उसके पति प्रेमचंद्र शामिल हैं। हीरेश कुमारी के अनुसार, उन्होंने इस धोखाधड़ी की शिकायत हसायन थाने से लेकर एसपी हाथरस और ऑनलाइन पोर्टल पर भी की थी। सीओ सिकंदराराऊ की जांच रिपोर्ट में भी खाते से पैसा निकलने की पुष्टि हुई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की निष्क्रियता और झूठे आश्वासनों से परेशान होकर पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद अब पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।






















