Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 अप्रैल । जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग बंधु समिति केवल एक औपचारिक मंच नहीं, बल्कि उद्यमियों और प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम है, अतः विभागीय अधिकारी उद्यमियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने निवेश संबंधी प्रकरणों में अनावश्यक विलंब पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। बैठक में नेशनल हाईवे 509 पर अवैध अतिक्रमण हटाने, ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, जीएसटी कार्यालय के प्रकरण और औद्योगिक बिजली बिलों में टी.ओ.डी. की गलत गणना जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत 1500 के लक्ष्य के सापेक्ष 572 आवेदन बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं, जिनमें से 19 आवेदकों को ऋण उपलब्ध करा दिया गया है। अंत में जिलाधिकारी ने जोर दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ समय से दिलाकर जनपद में रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उद्यमी अशोक मेहता, प्रदीप गोयल सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी व उद्योग बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page