
हाथरस 29 अप्रैल । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने ई0वी0एम0/वी0वी0पैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र बलों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की सघन जांच की। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू स्थिति में पाया और सुरक्षा मानकों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत उन्होंने भ्रमण पंजिका पर अपने हस्ताक्षर कर रिपोर्ट दर्ज की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी निर्वाचन, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






















