
हाथरस 28 अप्रैल । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार दोपहर रिश्तों में दरार ने खौफनाक मोड़ ले लिया। गुड़गांव से घर लौटे पति ने जैसे ही अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ घर के भीतर रंगे हाथ आपत्तिजनक हालत में देखा, उसका गुस्सा बेकाबू हो गया। गुस्साए पति ने पहले पत्नी को जबरन विषाक्त पदार्थ खिला दिया और फिर खुद भी उसे निगल लिया। हंगामे के बीच महिला का प्रेमी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। 35 वर्षीय पति निजी कंपनी में कार्यरत बताया गया है और एक दिन पहले ही गांव पहुंचा था। उसकी कुछ माह पहले दूसरी शादी हुई थी, जबकि पहली पत्नी से उसके दो बच्चे हैं। दोनों के विषाक्त खोने के बाद स्वजन ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक की निगरानी में इलाज चल रहा है। चिकित्सक के मुताबिक दोनों की हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, जिला अस्पताल से सूचना पुलिस को दी गई है।























