
हाथरस 28 अप्रैल । कस्बा सादाबाद निवासी एक महिला ने अपने पति की मानसिक बीमारी का फायदा उठाकर धोखाधड़ी से मकान और दुकान का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पुलिस में सुनवाई न होने पर पीड़िता रेखा देवी ने एसीजेएम कोर्ट सादाबाद में प्रार्थना पत्र देकर अभियोग पंजीकृत कराया है। कूपा रोड सादाबाद निवासी रेखा देवी पत्नी श्यामसुंदर ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके ससुर की सादाबाद में एक रिहायशी मकान व दो दुकानें थीं। पति श्यामसुंदर अत्यधिक नशे के आदी थे। नशे के कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। मानसिक स्वास्थ्य संस्थान आगरा में इलाज कराया गया था। आरोप है कि कुछ स्वस्थ होने पर घर लौटे पति को विपक्षी राधेगोविंद निवासी नगला मोहन भाग कुरसंडा व हेमंत सिंह निवासी आवास विकास कालोनी आगरा ने नशे का सेवन कराकर धोखाधड़ी की। मानसिक बीमारी का लाभ उठाकर 10 दिसंबर 2025 व 22 दिसंबर 2025 को बिना कोई प्रतिफल दिए मकान व दुकान के दो विक्रय पत्र करा लिए। जान से मारने की धमकी का आरोप
रेखा देवी का आरोप है कि विपक्षियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए हैं और अब शेष संपत्ति का भी बैनामा कराने की फिराक में हैं। दबंगई से पति को अपने कब्जे में ले रखा है। प्रार्थिया व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने बताया कि घटना की तहरीर थाना सादाबाद में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 20 जनवरी 2026 को एसपी हाथरस को प्रार्थना पत्र दिया, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन एसीजेएम कोर्ट सादाबाद में प्रार्थना पत्र दिया है।























