सिकंदराराऊ (हसायन) 28 अप्रैल । विकास खण्ड हसायन की ग्राम पंचायत इन्द्रनगर सिकतरा स्थित पंचायत सचिवालय में मंगलवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्य रूप से चकबंदी से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने न केवल शिकायतों को सुना, बल्कि मौके पर उपलब्ध राजस्व नक्शों के माध्यम से गाटा संख्या का मिलान कर वास्तविक स्थिति की समीक्षा भी की। उन्होंने चकबंदी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी विवादों का समाधान केवल कागजों पर न होकर, स्थलीय निरीक्षण के आधार पर किया जाए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट लहजे में कहा कि चकबंदी प्रक्रिया के अंतर्गत चक परिवर्तन, कब्जा परिवर्तन और रकबा (क्षेत्रफल) में कमी जैसी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर धरातल की स्थिति देखें और सुनिश्चित करें कि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी न हो। निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। चौपाल के दौरान एसओसी (SOC) चकबंदी ने उपस्थित ग्रामीणों को चकबंदी प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी (DDO), उप जिलाधिकारी (SDM) सिकन्दराराऊ, खंड विकास अधिकारी (BDO), सहायक खंड विकास अधिकारी, लेखपाल और ग्राम प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। चौपाल में इन्द्रनगर सिकतरा और आसपास के क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही।


























