
हाथरस 27 अप्रैल । जनपद में गौवंश के संरक्षण और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आवाहन अभियान’ ने अब जोर पकड़ लिया है। सोमवार, 27 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे बड़ी संख्या में गौ सेवकों और प्रबुद्ध नागरिकों ने एकत्रित होकर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
राष्ट्र माता घोषित होने तक जारी रहेगा संघर्ष:
अभियान के जिला प्रभारी व गौ सेवक राहुल उपाध्याय ने बताया कि जिले भर में सिग्नेचर अभियान (हस्ताक्षर अभियान) निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान तब तक नहीं रुकेगा जब तक गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित नहीं कर दिया जाता। राहुल उपाध्याय ने जोर देकर कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है, जिसे उचित संवैधानिक सम्मान मिलना ही चाहिए।
संतों और समाजसेवियों का मिला भारी समर्थन:
इस मुहिम को धार्मिक जगत का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। वृंदावन से पधारीं आरती किशोरी दीदी, श्री कृष्ण स्वरूप जी महाराज और नवग्रह मंदिर से श्री दिनेश गुरु जी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर अभियान को मजबूती प्रदान की। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह मांग जनभावनाओं और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संकल्प है। इस अवसर पर हाथरस तहसील प्रभारी आशुतोष अग्रवाल, रामकुमार अग्रवाल (नमकीन वाले), मदन गोपाल वार्ष्णेय, दीप्ति वार्ष्णेय, रत्नेश रत्न, सुरेश अग्रवाल, संचय नवीन वार्ष्णेय, जीतू सिंह राणा, रोहित कुशवाहा, कृष्णा राय, पंकज मित्तल, पंकज अग्रवाल, शिव शंकर गुलाटी और प्रांशु भारद्वाज सहित अनेकों कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे। अंत में प्रशासन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया गया कि इस गंभीर विषय को उच्च स्तर तक पहुँचाया जाए।




















