
हाथरस 25 अप्रैल । मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डा. राजीव राय की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान हसायन एवं हाथरस ब्लॉक में योजना की धीमी प्रगति पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कठोर चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ऑपरेटर आईडी को एक दिन के भीतर शत-प्रतिशत सक्रिय किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारी तय कर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों और बीपीएम को प्रतिदिन क्षेत्र में भ्रमण कर कैंपों की निगरानी करने और कार्ड निर्माण की प्रगति रिपोर्ट कार्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।
नोडल अधिकारी डा. मधुर कुमार ने इस अवसर पर 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर आशा, पंचायत सहायक या सीएचओ के माध्यम से जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवा लें। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रभात कुमार सिंह, लेखेंद्र भारद्वाज, महीपाल सिंह सहित सभी बीपीएम, बीसीपीएम और आयुष्मान मित्र उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ जिले के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना है।























