
हाथरस 25 अप्रैल । मानवता और निस्वार्थ सेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए आगरा रोड स्थित एक वृद्धाश्रम में निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। संस्थान ने बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आश्रम में दो आधुनिक कीट-नाशक (इंसेक्ट किलर) मशीनें भेंट कीं, ताकि उन्हें डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाया जा सके। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बुजुर्गों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सदस्यों ने आश्रम के कर्मचारियों को मशीनों के संचालन की जानकारी दी। वृद्धाश्रम प्रबंधन और वहां रह रहे बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्थान का आभार व्यक्त किया। इस सेवा कार्य में अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के साथ सचिव नीरज गोयल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, तरुण राघव, सतेंद्र मोहन, स्वदेश वार्ष्णेय, अवधेश कुमार बंटी, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, यश वार्ष्णेय, अतीश अग्रवाल, राहुल वार्ष्णेय एवं शिवम सोनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।























