Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 23 अप्रैल । तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला सकत में शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ प्रशासन द्वारा चंद महीनों पहले कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी और निजी भूमि पर गाँव के ही दबंग पूर्व प्रधान ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पुनः अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ित काश्तकार ने इस संबंध में जिलाधिकारी अतुल वत्स को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। नगला सकत निवासी सत्येंद्र पाल सिंह पुत्र डंबर सिंह ने जिलाधिकारी को दी गई शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत की नवीन परती भूमि (गाटा संख्या 228) और उनकी स्वयं की निजी भूमि (गाटा संख्या 127) पर पूर्व में अवैध कब्जा था। 15 दिसंबर 2025 को नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक राजकुमार और लेखपाल प्रशांत चौधरी ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुँचकर इस भूमि को कब्जा मुक्त कराया था और इसे वर्तमान प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया गया था। पीड़ित का आरोप है कि प्रशासन की इस कार्यवाही के कुछ समय बाद ही गाँव के पूर्व प्रधान कमल सिंह और उनके भाइयों ने दबंगई के बल पर इस भूमि पर दोबारा कब्जा कर लिया है। पीड़ित ने इसे शासन के आदेशों की अवहेलना और प्रशासन को खुली चुनौती बताया है। सत्येंद्र पाल सिंह ने डीएम से मांग की है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस बल और राजस्व टीम मौके पर भेजी जाए, ताकि भूमि को पुनः कब्जा मुक्त कराया जा सके। साथ ही, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने वाले दोषियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page