
सिकंदराराऊ 23 अप्रैल । कासगंज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला की मौत का आरोप लगाते हुए परिजनों ने घंटों हंगामा किया। मृतका बंटी देवी (निवासी निहालपुर) दो माह की गर्भवती थी और पेट दर्द की शिकायत पर 30 मार्च से उक्त अस्पताल में उपचाराधीन थी। परिजनों का आरोप है कि गलत इलाज के कारण महिला की हालत बिगड़ी, जिसके बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ गुरुवार तड़के उसकी मृत्यु हो गई। मौत से आक्रोशित परिजन शव को वापस सिकंदराराऊ स्थित उसी निजी अस्पताल ले आए और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हंगामे के दौरान परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मामले को शांत कराने का प्रयास किया, तो परिजनों ने पुलिस पर ही अस्पताल स्टाफ को भगाने का आरोप लगा दिया। इस बीच आक्रोशित भीड़ ने मौके पर मौजूद एक दारोगा के साथ अभद्रता की और उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। स्थिति तनावपूर्ण होते देख कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसडीएम संजय कुमार ने भी फोन पर वार्ता कर परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतका अपने पीछे पति और चार बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है। कोतवाली प्रभारी सिकंदराराऊ शिवकुमार शर्मा ने बताया कि उक्त मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर के आधार पर आरोपितों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























