
हाथरस 22 अप्रैल । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत अलीगढ़ रोड निवासी प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रदीप रावत के साथ प्लॉट दिलाने के नाम पर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर कोई सुनवाई न होने के बाद, अब सीजेएम कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। तहरीर के अनुसार, जनवरी 2014 में आवास विकास कॉलोनी निवासी दवा कारोबारी सूर्यकांत गुप्ता और आगरा रोड निवासी सुरेश चंद्र अग्रवाल ने यमुना एक्सप्रेस-वे के पास 150 वर्गगज का प्लॉट दिलाने का झांसा देकर डॉक्टर से तीन किस्तों में 14 लाख रुपये ऐंठ लिए थे।
आरोप है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी न तो डॉक्टर के नाम प्लॉट की रजिस्ट्री की गई और न ही उनके पैसे वापस किए गए। पीड़ित ने जब अपना पैसा वापस माँगा, तो आरोपियों ने उन्हें गुमराह करना शुरू कर दिया और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। डॉ. रावत का दावा है कि आरोपियों ने इसी तरह कूटरचित दस्तावेजों के सहारे दर्जनों लोगों से करोड़ों की ठगी की है। आरोप यह भी है कि फरवरी 2025 और नवंबर 2025 में आरोपियों ने डॉक्टर को कानूनी कार्रवाई करने पर सपरिवार जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर डॉक्टर ने कोर्ट की शरण ली, जिसके बाद अब थाना हाथरस गेट पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जाँच शुरू कर दी है।























