
हाथरस 22 अप्रैल । जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन व अपूर्ण परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए कि अवशेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर फोटोग्राफ्स सहित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और अनावश्यक विलम्ब होने पर संबंधित संस्थाओं पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के हैंडओवर से पूर्व कार्ययोजना का मिलान अवश्य कर लें ताकि बाद में कोई समस्या न हो; लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित लोक निर्माण विभाग, जल निगम व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।























