
हाथरस 22 अप्रैल । पृथ्वी दिवस के शुभ अवसर पर ए.बी.जी. गुरुकुलम विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को पर्यावरण के महत्व के बारे में बताते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय में पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन तथा पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों जैसी कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुंदर पोस्टर और प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या बरखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करने चाहिए और वृक्षारोपण जैसे कार्यों को नियमित रूप से अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया।

























