Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 अप्रैल । मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर गांव अजरोई के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद आरोपित वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल को नाजुक हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया गया। दोनों की मृत्यु से उनके परिवारों में मातम छा गया है।

अलीगढ़ के शहवाजपुर थाना विजयगढ़ निवासी 33 वर्षीय राहुल और अलीगढ़ के हरदुआगंज निवासी जय मंगलवार सुबह बाइक से मथुरा में दवा लेने के लिए गए थे। जय इलेक्ट्रानिक्स का काम करता है, जबकि राहुल गाजियाबाद में कपड़े का व्यवसाय करता था। दोनों रिश्ते में बहनोई-साले लगते थे। दोपहर करीब एक बजे दोनों वापस लौट रहे थे। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर थाना इगलास क्षेत्र अजरोई के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार किसी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में राहुल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, जय के सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पने लगा। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को संभाला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल जय को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। अलीगढ़ में इलाज के दौरान जय की भी मृत्यु हो गई। पुलिस ने राहुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों के स्वजन जिला अस्पताल पहुंच गए। राहुल की मृत्यु की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि राहुल मेहनती था और गाजियाबाद में कपड़े का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page