
हाथरस 21 अप्रैल । अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजी०) जनपद हाथरस के तत्वावधान में भगवान श्री परशुराम जी का प्राकट्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाध्यक्ष पंडित ब्रजेश वशिष्ठ के निर्देशन में ढपुरा रोड स्थित देवी वाली बगीची पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमियों और विप्र बंधुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य आचार्य पण्डित जितेंद्र मोहन वशिष्ठ शास्त्री द्वारा श्री गणेश पूजन के साथ कराया गया। इसके पश्चात भगवान श्री परशुराम जी का विधि-विधान से अभिषेक, पूजन और अर्चन किया गया। विश्व कल्याण की कामना के साथ आयोजित हवन-यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 108 दीपकों से की गई भगवान परशुराम की भव्य महाआरती रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आरती के उपरान्त आराध्य देव को उनके प्रिय सत्तू भोग के साथ-साथ 56 भोग अर्पित किए गए, जिसे बाद में भक्तों के बीच प्रसाद रूप में वितरित किया गया।
कार्यक्रम संयोजक पण्डित राघव वशिष्ठ की देखरेख में आयोजित इस उत्सव में इंजी० विदित शर्मा, सुमित दीक्षित, कृष्णा वार्ष्णेय और रजत वर्मन ने उपस्थित भक्तों का चंदन लगाकर और पटुका ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में हरिबल्लभ वशिष्ठ, हरिमोहन वशिष्ठ, महेश चन्द्र तिवारी, विवेक तिवारी, पण्डित रामखिलोनी शर्मा और योगवीर अग्निहोत्री सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, समाजसेवी धीरज पाण्डेय, नीरज शर्मा, विशाल पुरोहित और ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा (योगा पण्डित) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व अध्यक्ष पण्डित अविनाश चन्द्र पचौरी, संजय शर्मा (BBCN), उमेश चन्द शर्मा, मदन मोहन गौड, प्रशांत शर्मा और कृष्ण बिहारी शर्मा सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। महिला शक्ति के रूप में गायत्री देवी वशिष्ठ, वंदना वशिष्ठ, मीनाक्षी शर्मा और निशा उपाध्याय की उपस्थिति भी सराहनीय रही। अंत में महासभा के पदाधिकारियों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भगवान परशुराम के बताए सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
























