
हाथरस 19 अप्रैल । तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव के प्रथम पारणा दिवस ‘अक्षय तृतीया’ का पर्व नगर के जैन मंदिरों में बड़े ही उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मान्यता है कि भगवान ऋषभदेव को छह माह की तपस्या के बाद आज ही के दिन इक्षु रस (गन्ने का रस) प्राप्त हुआ था, इसी स्मृति में जैन समाज द्वारा यह पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। गन्ने के रस का वितरण हलवाई खाना स्थित 1008 श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़े मंदिर के सामने अनीता जैन वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक सुधीर जैन लोहिया व अर्पित जैन लोहिया द्वारा राहगीरों और श्रद्धालुओं को गन्ने का रस वितरित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान और बोलियां इससे पूर्व मंदिर में बा. पंडित विशाल जैन के निर्देशन में भगवान का अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन किया गया। इसके पश्चात भव्य भक्तामर विधान का आयोजन हुआ। श्री आदिनाथ व पार्श्वनाथ भगवान पर प्रथम अभिषेक का सौभाग्य जैन नवयुवक सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जैन को प्राप्त हुआ। प्रथम शांतिधारा की बोली संजीव जैन लुहाड़िया, द्वितीय शांतिधारा पंकज जैन ट्रंक और आरती की बोली राजुल जैन ने ली।
सौरभ जैन ‘रानू’ का भव्य स्वागत विशेष रूप से, समाज को भक्ति मार्ग से जोड़ने के लिए सौरभ जैन रानू द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की गई। रानू ने पिछले एक वर्ष से 53 परिवारों के माध्यम से प्रत्येक रविवार को अलग-अलग जैन मंदिरों में भक्तामर स्त्रोत पाठ का संकल्प पूर्ण कराया है। इस उपलक्ष्य में अध्यक्ष उमाशंकर जैन, प्रबंधक राकेश जैन, जितेंद्र जैन, गगन जैन और अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें माला व दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि सौरभ ने समाज को एकजुट कर जो नई पहल शुरू की है, वह सराहनीय है। बता दें कि सौरभ जैन अब तक 25 बार रक्तदान भी कर चुके हैं। हवन और सामूहिक भोज तीन घंटे तक चले भक्तामर विधान में सैकड़ों महिलाओं ने अर्घ्य समर्पित किए और हवन में आहुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उमेश चंद जैन, कमलेश जैन, दिलीप जैन, विकास जैन (CA), गौरव जैन, राजेश जैन, मनीष जैन, धन्य कुमार जैन सोगानी, अभिमन्यु भारद्वाज, अश्वनी शर्मा, अर्जुन वर्मा, अंशुल माहेश्वरी, के.के. शर्मा, पुषांकर जैन, यतीश जैन और सतेंद्र जैन सहित भारी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।
























