
हाथरस 18 अप्रैल । मथुरा-बरेली हाईवे पर सलेमपुर पुलिस चौकी के समीप रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसके तीन भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 45 वर्षीय एजाज पुत्र अलाउद्दीन, निवासी सिरसा, थाना दातागंज (बदायूं) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि एजाज लंबे समय से बीमार थे और उनके भाई उन्हें उपचार के लिए बदायूं से वृंदावन ले जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5 बजे उस समय हुआ जब कार सलेमपुर के पास पहुँची और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। कार पलटने से एजाज के अलावा उनके भाई आजाद, गुड्डू और यासीन घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुँचे लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद एजाज को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों भाइयों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद परिजन गमगीन माहौल में मृतक एजाज के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए और पुलिस को सूचना दिए ही अपने साथ वापस बदायूं ले गए। इस घटना से हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पीड़ित परिवार एजाज के बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हुई इस अनहोनी ने परिवार की खुशियाँ छीन लीं।























