
हाथरस 18 अप्रैल । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव टौड़ में आज सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ एक जर्जर सीमेंटेड खंभा अचानक गिरने से 30 वर्षीय युवक की दबकर मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान नीरज उर्फ भूरा (30 वर्ष) पुत्र श्रीनिवास, निवासी गांव टौड़ के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, नीरज शनिवार सुबह अपने घर के पास बैठा हुआ था। तभी पास ही स्थित एक खंडहरनुमा इमारत में लगा काफी पुराना और जर्जर सीमेंट का खंभा अचानक भरभरा कर उसके ऊपर गिर पड़ा। खंभे के नीचे दबने से नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। नीरज पेशे से मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इस असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृतक अपने पीछे बिलखते परिजनों के अलावा पांच छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ चुका है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने जर्जर इमारतों और खंभों से होने वाले खतरों पर चिंता जताई है।























