Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव गदाखेड़ा में शनिवार को एक 20 वर्षीय महिला द्वारा अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान विक्की कुशवाहा की पत्नी रेनू के रूप में हुई है। घर के भीतर महिला का शव फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बेटी की मौत की खबर से आक्रोशित परिजनों ने सासनी कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कोतवाली परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page