Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अप्रैल । कमाण्डेन्ट क्षेत्रीय प्रशिक्षण अकादमी नई दिल्ली के निर्देशों के क्रम में जनपद हाथरस के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद नई दिल्ली एवं एस.आई.एस. (इ) लि. कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षा कार्यों के लिए अभ्यर्थियों के पंजीकरण और प्रशिक्षण के बाद रोजगार प्रदान करने हेतु जनपद के समस्त विकास खंडों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों को सुरक्षा जवान व अन्य पदों के लिए चयनित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भर्ती शिविरों की शुरुआत मुरसान विकास खंड कार्यालय से होगी, जहाँ 20 और 21 अप्रैल 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद सहपऊ में 22 व 23 अप्रैल, हसायन में 24 व 25 अप्रैल और सासनी विकास खंड में 27 व 28 अप्रैल को शिविर लगाए जाएंगे। मई माह के कार्यक्रम के तहत सिकंदराराऊ में 04 व 05 मई, सादाबाद में 06 व 07 मई तथा अंत में हाथरस विकास खंड कार्यालय पर 08 व 09 मई 2026 को भर्ती प्रक्रिया संपन्न होगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने विकास खंड के ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को इन शिविरों में प्रतिभाग कराने हेतु ग्राम प्रधानों, व्हाट्सएप ग्रुपों और ए.डी.ओ. (पंचायत) के माध्यम से जानकारी प्रसारित करें। साथ ही, उन्होंने संस्था को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं ताकि जनपद के बेरोजगार युवाओं को इस भर्ती अभियान का सीधा लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page