
हाथरस 17 अप्रैल । आगरा रोड पर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एक अनियंत्रित डंपर ने सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में टेंपो सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, टेंपो सादाबाद से सवारियां लेकर हाथरस की ओर आ रहा था, तभी लक्ष्मी चंद कटोरी देवी डिग्री कॉलेज के समीप सामने से आ रहे डंपर ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा। दुर्घटना में घायल होने वालों में नगला ओझा (चंदपा) निवासी रामेश्वर और खेड़ा परसोली (चंदपा) निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्य विजय, उनकी पत्नी संगीता, दो बेटे कृष्णा व राम और बेटी संध्या शामिल हैं। इसके अलावा लुहेटा (मुरसान) निवासी सुबोध पुत्र राधेश्याम व अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। पुलिस अब फरार डंपर चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है।


























