
हाथरस 17 अप्रैल । सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव ऊसवा में घर में अकेली महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति पूरन सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी माता के साथ खेत पर गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। आरोप है कि गांव का ही योगेश मौका पाकर घर में घुस आया। आरोपित ने घर में अकेली पाकर महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरन सिंह ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने आरोपी योगेश के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


























