Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अप्रैल । जनपद को क्षय रोग से पूरी तरह मुक्त करने के उद्देश्य से 24 मार्च 2026 से ‘100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान-2’ का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है। अभियान के तहत जन-जागरूकता फैलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग नित नए प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में आज सासनी गेट चौक स्थित ट्रैफिक पुलिस बूथ के माध्यम से ऑडियो क्लिप चलाकर राहगीरों को टीबी के लक्षणों और बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार भारती ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना, बलगम में खून आना या गर्दन में गांठ जैसे लक्षण टीबी के संकेत हो सकते हैं। इन लक्षणों के दिखने पर नागरिक नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर अत्याधुनिक ‘नाट’ (NAAT) मशीन द्वारा मात्र 2 घंटे में निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

अभियान की रणनीति को और धार देते हुए उप-जिला क्षय रोग अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिन टीबी यूनिटों (TU) में ‘हैंड हेल्ड एक्सरे मशीन’ उपलब्ध है, वहां प्रतिदिन अधिकतम संभव जनसंख्या का एक्सरे किया जाए। विशेष रूप से हाई रिस्क वाले गांवों में शिविर लगाने से एक दिन पहले कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार करेंगे, ताकि ग्रामीण एकत्रित होकर मौके पर ही जांच करा सकें और आवश्यकतानुसार टीबी या टीपीटी की दवाएं प्राप्त कर सकें। विभाग ने आमजन की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800116666 भी जारी किया है। डॉ. भारती ने अपील की है कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी संशय की स्थिति में घबराएं नहीं और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page