Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अप्रैल । जिले में होमगार्ड पंजीयन परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए शहर में कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 26,496 परीक्षार्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। महत्वपूर्ण बदलाव के तहत इस बार केवल माध्यमिक विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। परीक्षा तीनों दिन दो-दो पालियों में संचालित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 4,416 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे, जिसके तहत केंद्रों पर पुलिस बल की मुस्तैदी के साथ-साथ उड़न दस्ते (फ्लाइंग स्क्वायड) भी लगातार निगरानी करेंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक संतप्रकाश ने बताया कि परीक्षा संबंधी लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभाग इस बड़ी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page