
सासनी 16 अप्रैल। आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे तीन सगे भाई घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हुआ, जब बसगोई निवासी पुष्पेंद्र कुमार शर्मा के तीन पुत्र—12 वर्षीय आंसू, 10 वर्षीय प्रांशु और 8 वर्षीय अंश—गांव से ऑटो में बैठकर कस्बा स्थित प्रकाश अकैडमी स्कूल पढ़ने के लिए आ रहे थे। जैसे ही ऑटो सैयद भट्ट के निकट पहुंचा, उसी दौरान मोड़ लेने के प्रयास में सामने से आ रही एक वाहन से उसकी टक्कर हो गई, जिससे ओटो में आगे बैठे तीनों बच्चे घायल हो गए ।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक बच्चे की हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है, जबकि अन्य दो बच्चों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है कि आखिर स्कूली बच्चों को ऑटो में इस तरह असुरक्षित तरीके से क्यों ले जाया जा रहा था और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस पर पहले कोई प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

























