हाथरस 16 अप्रैल। जल निगम (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण पेयजल योजना का मुख्य उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों तथा लंबित परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूरा करने और जो कार्य शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। जिन ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण कर विद्यालयों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भूमि उपलब्धता की समस्या वाले कार्यों पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिया गया कि संबंधित उप जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यों में देरी न हो।गर्मी को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ लगवाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा की गई इस समीक्षा बैठक से साफ है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्ती और तेजी दोनों पर जोर दिया जा रहा है।

























