
हाथरस 16 अप्रैल । जलेसर रोड पर बर्फ खाने के निकट बीती रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव लाडपुर नगला अखई निवासी 28 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र सोरन सिंह के रूप में हुई है, वह राज मिस्त्री का कार्य करता था। जानकारी के अनुसार, प्रदीप अपने गांव से हाथरस आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कैंटर गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल प्रदीप को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक प्रदीप अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।


























