
हाथरस 14 अप्रैल । नगर की प्रसिद्ध ‘माँ सुमित्रा रसोई व लाला कपूर चंद्र अग्रवाल जल सेवा’ ने अपनी निःस्वार्थ सेवा के सफलतम चार वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि पर मंगलवार को चतुर्थ वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। रसोई के प्रबंधक निरंजन लाल अग्रवाल (डब्बू जी) एवं उनकी धर्मपत्नी बबली अग्रवाल ने परिवारजनों के साथ मिलकर आकर्षक केक काटकर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। इस विशेष अवसर पर दोपहर में भोजन प्राप्त करने आए करीब 650 लोगों को भोजन के साथ कुल्फी का भी वितरण किया गया। वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सत्संग का आयोजन हुआ, वहीं शाम 7 बजे से भव्य प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें शहर की गणमान्य हस्तियों और रसोई के विशिष्ट सहयोगियों ने शिरकत की।
रसोई के प्रबंधकों ने बताया कि सेवा का यह सफर निरंतर बढ़ रहा है। इस चतुर्थ वर्ष में रसोई ने करीब 1 लाख 62 हजार लोगों को भोजन कराया है। वहीं, पिछले चार वर्षों के कुल सफर में अब तक लगभग 6 लाख 70 हजार जरूरतमंदों को भोजन कराया जा चुका है। आधुनिकता और पर्यावरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इस वर्ष रसोई परिसर में सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है, जिससे बिजली की बचत सुनिश्चित की जा सके। रसोई की विश्वसनीयता और सेवा भाव का ही परिणाम है कि इस वर्ष 90 लोगों ने अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पूर्वजों की पुण्यतिथि जैसे महत्वपूर्ण अवसर रसोई के साथ मिलकर मनाए और बुकिंग कराई। प्रबंधकों ने अपील की है कि शहरवासी अपने जीवन के खास दिनों को यहाँ जरूरतमंदों की सेवा कर यादगार बना सकते हैं। अंत में प्रबंधक निरंजन लाल अग्रवाल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के स्नेह और सहयोग की आशा व्यक्त की।


























