Hamara Hathras

Latest News

सासनी 13 अप्रैल । क्षेत्र के एसबीएस (SBS) यूनियन स्कूल में भारत रत्न, महान समाज सुधारक और देश के प्रथम कानून मंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और प्रेरणादायक ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ संस्था के डायरेक्टर एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. विकास सिंह द्वारा किया गया। डॉ. विकास सिंह ने बाबा साहब के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही हम समाज और राष्ट्र को उन्नति के पथ पर ले जा सकते हैं। उन्होंने सभी को राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव सकारात्मक प्रयास करने का संकल्प दिलाया। विशेष सभा में छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। वक्ताओं ने कहा कि यदि हम अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी निष्ठा से पालन करें, तभी भारत सही मायनों में ‘विश्व गुरु’ बन सकेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 6 के छात्र युवराज वार्ष्णेय रहे, जिन्होंने डॉ. अंबेडकर का प्रतिरूप (वेशभूषा) धारण कर सभी का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए ओजस्वी भाषणों ने उपस्थित लोगों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार में जन्मा बालक भी अपनी बुद्धिमत्ता और दृढ़ निश्चय के बल पर विश्व स्तर पर नाम रोशन कर सकता है, डॉ. अंबेडकर इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page