Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अप्रैल । महिला थाने में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, बेरहमी से मारपीट और जबरन गर्भपात कराने जैसे रूह कंपा देने वाले आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति और ससुराल के अन्य सदस्य उसे मायके से 4 लाख रुपये लाने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं और मांग पूरी न होने पर पति दूसरी शादी करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, तीन ननद और ममेरे ससुर सहित सात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। आगरा निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी को तीन वर्ष बीत चुके हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और कई बार आपत्तिजनक कृत्य करने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता का गंभीर आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसका जबरन गर्भपात भी करा दिया। घर में मौजूद तीन शादीशुदा ननदें, जो अपने पति को छोड़कर मायके में ही रह रही हैं, वे भी सास-ससुर और ममेरे ससुर के साथ मिलकर उसे प्रताड़ना देती थीं। पीड़िता के अनुसार, कई बार समाज के संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर उसे ससुराल भिजवाया, लेकिन ससुरालीजनों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। हाल ही में आरोपी पति उसे बाइक से मायके के पास छोड़कर भाग गया। अब ससुराल पक्ष उस पर 4 लाख रुपये लाने या तलाक देने का दबाव बना रहा है ताकि पति की दूसरी शादी कर फिर से दहेज वसूला जा सके। महिला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page