
हाथरस 13 अप्रैल । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी पत्ती बनारसी में शालीनता से बात करने की नसीहत देना एक युवक को भारी पड़ गया। फोन पर गाली-गलौज करने से मना करने पर चार हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के पिता ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, गढ़ी पत्ती बनारसी निवासी तेजवीर सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल की रात गांव का ही विष्णु उनके घर के सामने खड़ी बुग्गी पर बैठकर फोन पर किसी से बेहद अभद्र भाषा में बात कर रहा था। तेजवीर के बेटे देवेश ने जब उसे टोकते हुए कहा कि “यहाँ घर की बहन-बेटियां हैं, गाली-गलौज मत करो”, तो विष्णु भड़क गया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद विष्णु अपने भाई श्यामू और दो अज्ञात साथियों के साथ तेजवीर के कमरे में घुस आया और देवेश को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। देवेश की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने खुद को घिरता देख दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायर किया और भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में काफी रोष और डर का माहौल है।

























