
हाथरस 13 अप्रैल । अपनी लंबित मांगों और भुगतान की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा हाथरस ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। आज चारों तहसीलों के अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की, लेकिन वार्ता विफल रहने और समस्याओं पर कोई सकारात्मक आश्वासन न मिलने से लेखपालों में भारी आक्रोश व्याप्त है। संघ द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार, लेखपालों ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है कि 15 अप्रैल को सभी लेखपाल अपने अतिरिक्त क्षेत्रों के बस्ता भूलेख कार्यालय में जमा करा देंगे। 18 अप्रैल को अपनी मांगों के समर्थन में सभी तहसीलों में एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 25 अप्रैल को जिले के समस्त लेखपाल पूर्णतः कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। लेखपाल संघ का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया, जिससे वे दुखी होकर यह कदम उठाने को मजबूर हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान जनता को होने वाली परेशानियों के लिए शासन और प्रशासन सीधे तौर पर जिम्मेदार होगा। इस घोषणा के बाद जिले की राजस्व व्यवस्था और जमीनी कामकाज पर बड़ा संकट खड़ा होने की संभावना है।

























