
हाथरस 13 अप्रैल । स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजीव राय ने विकास खंड हसायन के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) श्रीनगर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललितेश, फार्मासिस्ट मानवीर सिंह सहित अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और पंखे-कूलर की क्रियाशीलता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करने पर पाया गया कि मानक के अनुरूप 195 दवाओं के सापेक्ष 187 प्रकार की दवाएं स्टॉक में मौजूद थीं। अस्पताल की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखते हुए सीएमओ ने प्रसव (डिलीवरी) सेवाओं की जानकारी ली। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के आने पर ऑन-कॉल स्टाफ नर्स प्रियंका (तैनाती सीएचसी महौ) को बुलाकर प्रसव कराया जाता है, जिनके द्वारा प्रतिमाह 4 से 5 डिलीवरी कराई जा रही हैं। निरीक्षण के समय तक 18 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। इसके बाद सीएमओ ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत ग्राम नगला आल का भी निरीक्षण किया। वहां ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मचारी सप्ताह में दो बार आकर नालियों की नियमित सफाई करता है। गांव में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों से बचाव और उनसे होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करती पाई गईं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को प्रतिदिन दवाओं की खपत का रजिस्टर में अनिवार्य रूप से इंद्राज करने के निर्देश दिए।

























