
हाथरस 13 अप्रैल । जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने जनपद के समस्त कीटनाशी विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी करते हुए ‘एकीकृत कीटनाशी प्रबंधन प्रणाली’ (IPMS) पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण की अंतिम तिथि घोषित कर दी है। अपर कृषि निदेशक (कृषि रक्षा), उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में, भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित इस पोर्टल पर सभी विक्रेताओं का पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने अवगत कराया कि इससे पूर्व अक्टूबर और दिसंबर 2025 में भी लिखित पत्राचार और सोशल मीडिया ग्रुप्स के माध्यम से पंजीकरण हेतु निर्देशित किया गया था, लेकिन अभी भी कई विक्रेताओं ने इस प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है।
विभाग ने अब एक अंतिम अवसर प्रदान करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि आगामी 16 अप्रैल 2026 तक समस्त कीटनाशी विक्रेताओं ने IPMS पोर्टल पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित नहीं किया, तो उनका कीटनाशी लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विक्रेता की होगी। पंजीकरण के लिए विक्रेता पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट www.ipms.gov.in के होम पेज पर जाकर ‘Login/Register’ विकल्प के माध्यम से ‘Sign Up’ कर सकते हैं। पंजीकरण फॉर्म भरने के बाद आईडी बनाई जाएगी, जिसे जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा स्वीकृत किया जाएगा। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए विक्रेता विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर उपलब्ध वीडियो देख सकते हैं या कार्यालय के कीटनाशी पटल सहायक से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





















